“मेरा नाम सुंदर है… और मैं यहां Pitch-AI के लिए आया हूं” – AI समिट में छाए सुंदर पिचाई
नई दिल्ली। राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में उस समय माहौल हल्का और खुशनुमा हो गया, जब गूगल के सीईओ Sundar Pichai ने मंच से मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उद्योगपति Harsh Goenka ने जब उनसे पूछा कि आप इस एआई समिट में क्यों आए हैं, तो पिचाई ने मुस्कुराते हुए कहा—“मेरा नाम सुंदर है… और मैं यहां Pitch-AI के लिए आया हूं।”
उनकी इस चुटीली टिप्पणी पर सभागार में मौजूद मेहमान ठहाकों से गूंज उठे। गोयनका ने इस पल को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा किया।
एआई के भविष्य पर गंभीर संदेश
मजाकिया अंदाज के बाद सुंदर पिचाई ने एआई के भविष्य पर गंभीर बात भी रखी। उन्होंने कहा कि दुनिया एक नई तकनीकी क्रांति की शुरुआत में है, लेकिन बेहतर परिणाम अपने आप सुनिश्चित नहीं होंगे। इसके लिए सरकारों, कंपनियों और समाज को मिलकर काम करना होगा, ताकि एआई के फायदे हर व्यक्ति और हर क्षेत्र तक पहुंच सकें।
...










