Saturday, February 21

विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड बढ़ोतरी: सोना और डॉलर दोनों चमके

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $8.66 अरब की बढ़ोतरी हुई। इससे विदेशी मुद्रा भंडार नया रिकॉर्ड बनाते हुए $725.727 अरब तक पहुंच गया। एक सप्ताह पहले इसमें $6.711 अरब की गिरावट दर्ज की गई थी।

This slideshow requires JavaScript.

सोने और विदेशी मुद्रा आस्तियों में वृद्धि

समीक्षाधीन सप्ताह में सोने के भंडार की वैल्यू में $4.990 अरब की बढ़ोतरी हुई, जिससे अब सोने का कुल भंडार $128.466 अरब का हो गया है। वर्तमान में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880 टन से अधिक है, जो देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार का लगभग 15% है।

इसके अलावा, विदेशी मुद्रा आस्तियों (FCA) में भी $3.550 अरब की बढ़ोतरी हुई, जिससे अब उनका भंडार $573.603 अरब पर पहुंच गया। इसमें डॉलर के अलावा यूरो, पौंड और येन जैसी मुद्राओं में आई उतार-चढ़ाव भी शामिल हैं।

एसडीआर और आईएमएफ रिजर्व में मामूली बढ़ोतरी

समीक्षाधीन सप्ताह में भारत के विशेष आहरण अधिकार (SDR) में $103 मिलियन की वृद्धि हुई, जिससे यह बढ़कर $18.924 अरब हो गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में रखे भारत के रिजर्व में $19 मिलियन की वृद्धि दर्ज की गई, और अब यह $4.734 अरब हो गया है।

विदेशी मुद्रा भंडार में इस तेजी से न केवल आर्थिक मजबूती का संकेत मिलता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेशकों के लिए भी भारत का भरोसेमंद आर्थिक वातावरण दिखता है।

Leave a Reply