Friday, February 13

अहमदाबाद विमान हादसे की जांच जारी, पायलट को दोषी बताने वाली खबरों पर AAIB ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। जून 2025 में अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे को लेकर फैली अफवाहों पर अब एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। AAIB ने साफ शब्दों में कहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के क्रैश की जांच अब तक पूरी नहीं हुई है और फिलहाल इस हादसे को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

This slideshow requires JavaScript.

AAIB ने उन रिपोर्टों को भी सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि जांच पूरी हो चुकी है और हादसे के लिए पायलट को जिम्मेदार ठहराया गया है।

AAIB का बयान: जांच अभी जारी, कोई फाइनल रिपोर्ट नहीं

AAIB ने कहा कि विमान हादसे की जांच एक तकनीकी और सबूत आधारित प्रक्रिया होती है, जिसका उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं बल्कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पहचान कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।

संस्था ने जनता और मीडिया से अपील की है कि संयम बनाए रखें और समय से पहले निष्कर्ष निकालने से बचें, क्योंकि इससे लोगों में अनावश्यक घबराहट फैल सकती है और जांच की निष्पक्षता पर भी असर पड़ सकता है।

फाइनल रिपोर्ट अभी आना बाकी

AAIB ने स्पष्ट किया कि जांच Aircraft (Investigation of Accidents and Incidents) Rules, 2025 और अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत ICAO Annexure-13 के अनुसार की जा रही है।

संस्था ने बताया कि जुलाई 2025 में जो प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की गई थी, उसमें उस समय उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही जानकारी दी गई थी। जबकि फाइनल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट, जिसमें दुर्घटना के निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें शामिल होंगी, जांच पूरी होने के बाद ही प्रकाशित की जाएगी।

सोशल मीडिया पर पायलट को लेकर फैली थ्योरी

AAIB के अनुसार हाल के दिनों में सोशल मीडिया और कुछ विदेशी रिपोर्टों में यह दावा किया जा रहा था कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण नहीं बल्कि किसी जानबूझकर की गई हरकत का परिणाम था।

इटली के एक अखबार कोरिएरे डेला सेरा ने बिना नाम बताए सूत्रों के हवाले से यह भी लिखा था कि कैप्टन सुमीत सभरवाल को मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है और जांच में मदद कर रहे अमेरिकी विशेषज्ञों ने इसे बड़ी सफलता बताया है।

हालांकि AAIB ने इन दावों को पूरी तरह अनुमान और अपुष्ट जानकारी पर आधारित बताते हुए खारिज कर दिया।

हादसे में गई थीं 260 जानें

गौरतलब है कि एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भयावह हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में विमान में सवार यात्री और वे लोग भी शामिल थे, जिन पर विमान गिरा था, जिनमें मेडिकल छात्रों के हॉस्टल में रहने वाले लोग भी बताए गए थे।

फिलहाल AAIB ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया गंभीरता और पूरी पारदर्शिता के साथ जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करना जरूरी है।

Leave a Reply