
पटना (ऋषिकेश नारायण सिंह): बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को सत्ताधारी JDU के फुलवारी से विधायक श्याम रजक ने राजद नेताओं पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने लालू-राबड़ी राज के दौर को ‘जंगलराज’ बताते हुए विपक्षी नेताओं को इशारों में जंगली जानवर कह दिया।
श्याम रजक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लालू-राबड़ी सरकार के समय अपराधी सड़कों पर राज करते थे और प्रशासन पूरी तरह से चरमरा गया था। उन्होंने कहा, “विपक्ष अपराध की बात करता है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके शासन में बिहार की क्या हालत थी। अपराधी सड़कों पर राज करते थे और शासन व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी।”
राजद पर तंज कसते हुए रजक ने कहा, “अगर किसी जंगली जानवर को शहर में लाया जाए तो वह असहज महसूस करेगा। उसका प्राकृतिक स्थान जंगल है।” उन्होंने स्वीकार किया कि अपराध पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं, लेकिन वर्तमान प्रशासन और पुलिस तंत्र अपराध पर नियंत्रण और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
विधायक ने यह भी कहा कि पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिक सक्रिय रूप से काम करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब हर अपराध को गंभीरता से लिया जाता है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। रजक ने बताया कि पहले अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, गिरफ्तारियों में देरी होती थी और कानून व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित थी।
श्याम रजक ने कहा, “जनता जानती है कि उस समय प्रशासन किसके नियंत्रण में था और अपराधी किस तरह बेखौफ होकर काम करते थे। वर्तमान सरकार अपराध के प्रति जीरो-टॉलरेंस के दृष्टिकोण के साथ कानून के शासन को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
