
बांदा (अनिल सिंह): उत्तर प्रदेश के बांदा में प्रेमिका की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक व्यापारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की रात व्यापारी ने कहा, “अब पैसा ले लेना, मैं तुमसे तंग आ गया हूं।” घटना के लगभग दो महीने बाद, मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला चांदनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कालू कुआं के तुलसी विहार कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय भूपेंद्र कुमार सोनी ऑटो पार्ट्स का व्यवसाय करते थे। 4 दिसंबर 2025 की रात उन्होंने अपने घर में ही कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी पूनम सोनी ने बताया कि घटना वाली रात उनके पति किसी महिला से मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खुद को गोली मार ली। पत्नी का आरोप है कि चांदनी नाम की महिला उनके पति को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी। महिला ने भूपेंद्र का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था और उनके परिवार के साथ मिलकर लगभग 20 से 25 लाख रुपये वसूल चुकी थी।
पीड़िता ने कई बार कालू कुआं चौकी और कोतवाली नगर में लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डीआईजी चित्रकूट धाम मंडल से न्याय की गुहार लगाई।
डीआईजी के निर्देश पर अब कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी चांदनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
