Monday, February 2

ग्वालियर में मिलावटी सीमेंट वाला जीरा, 46 बोरी जब्त

 

This slideshow requires JavaScript.

 

ग्वालियर, मध्य प्रदेश: सिरप नकली, पानी दूषित और सरसों मिलावटी… अब ग्वालियर में बाजार में असली कंपनी के पैकेट में सीमेंट मिला जीरा की सप्लाई का मामला सामने आया है। गुजरात के मेहसाणा स्थित प्रसिद्ध शिवपुजारी ब्रांड के नाम पर नकली जीरे का धड़ल्ले से कारोबार चल रहा था।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर से बचकर चल रहा यह कारोबार असली कंपनी की शिकायत पर सामने आया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बहोड़पुरा इलाके में छापा मारकर 46 बोरी नकली जीरा जब्त किया।

 

नकली जीरे की तैयारी

 

जांच में पता चला कि बहोड़पुरा क्षेत्र में तीन लोग – हितेश सिंघल उर्फ चंपक, मनोज मैनेजर और टीटू अग्रवाल – सौंफ के बीज पर काली सीमेंट का लेप लगाकर उसे स्टोन पाउडर और केमिकल के साथ मिलाते थे। मिश्रण तैयार होने के बाद उस पर पॉलिश की जाती थी ताकि यह असली जीरे जैसा दिखे। इस नकली माल की सप्लाई के चलते असली कंपनी की डिमांड प्रभावित हो रही थी।

 

स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा

 

विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे सीमेंट वाले जीरे का सेवन पेट में पथरी, किडनी फेल्योर, संक्रमण और कैंसर जैसी बीमारियों का कारण बन सकता है। मध्य प्रदेश में मिलावटी खाद्य सामग्री के कारण पहले भी दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

 

जांच जारी

 

ग्वालियर पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि नकली जीरा कहां-कहां सप्लाई किया गया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही भी सवालों के घेरे में है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी किसी का संरक्षण तो नहीं यह भी जांच का हिस्सा है।

 

 

Leave a Reply