
मुंबई।
बॉलीवुड के रोमांटिक संगीत में एक बार फिर अरिजीत सिंह की आवाज़ ने जादू बिखेर दिया है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ रोमियो’ का नया गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। खास बात यह है कि यह गाना अरिजीत सिंह द्वारा प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा के महज 5 दिन बाद सामने आया है, जिसने फैंस को भावुक कर दिया।
फिल्म के पहले ही गाने ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ और डांस नंबर ‘आशिकों की कॉलोनी’ को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। अब ‘इश्क का फीवर’ ने उस रोमांटिक जादू को और गहरा कर दिया है। इस गीत को संगीत से सजाया है विशाल भारद्वाज ने, जबकि इसके बोल लिखे हैं गीतों के जादूगर गुलजार ने।
सादगी में डूबी, गहराई से भरी अरिजीत की आवाज
‘इश्क का फीवर’ जोशीले सुरों से शुरू होकर धीरे-धीरे दर्द और मोहब्बत की मोहक धुन में बदल जाता है। अरिजीत सिंह की सादगी भरी, भावनात्मक आवाज़ सीधे दिल तक उतरती है। गाने में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री भी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। यह नई जोड़ी दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरती दिख रही है।
फैंस हुए इमोशनल, बोले– बॉलीवुड को अरिजीत की जरूरत
गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
एक यूज़र ने लिखा, “अरिजीत प्लीज़ प्लेबैक सिंगिंग मत छोड़िए।”
दूसरे ने कहा, “अरिजीत मास्टरपीस हैं।”
वहीं किसी ने लिखा, “अरिजीत को बॉलीवुड की जरूरत नहीं, बॉलीवुड को अरिजीत की जरूरत है।”
कई फैंस ने उन्हें ‘प्लेबैक का किंग’ और ‘नेक्स्ट लेवल वॉइस’ बताया।
हाल ही में लिया था प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने हाल ही में एक पोस्ट के जरिए यह घोषणा की थी कि वे अब प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम नहीं लेंगे। उन्होंने लिखा था कि यह सफर शानदार रहा और अब वे इसे यहीं विराम देना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि पहले से किए गए कमिटमेंट्स को वे पूरा करेंगे।
13 फरवरी को रिलीज होगी ‘ओ रोमियो’
हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से प्रेरित फिल्म ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।