मौसम नूर की घरवापसी से कांग्रेस उत्साहित, मालदा में टीएमसी से पुराना किला छीनने की उम्मीद
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से महज तीन महीने पहले कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद रहीं मौसम नूर ने सात साल बाद कांग्रेस में घरवापसी कर ली है। दिग्गज अल्पसंख्यक नेता स्व. अताउर गनी खान चौधरी के परिवार से जुड़ी मौसम नूर की वापसी को कांग्रेस मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे क्षेत्रों में अपनी खोई जमीन वापस पाने के अवसर के रूप में देख रही है।
मौसम नूर का राजनीतिक कद मालदा में लंबे समय से प्रभावी रहा है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर टीएमसी का दामन थामा था, जिसके बाद 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में करारी हार का सामना करना पड़ा। अब उनकी वापसी से कांग्रेस नेतृत्व को भरोसा है कि पार्टी इन जिलों में दोबारा मजबूती हासिल कर सकती है।
...










