Thursday, February 5

‘ओस बहुत कुछ बदल देती है’, टी20 वर्ल्ड कप से पहले एमएस धोनी ने टीम इंडिया को दी चेतावनी

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और 2007 टी20 वर्ल्ड कप विजेता एमएस धोनी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले टीम इंडिया की ताकत का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को एक अहम चेतावनी दी है। धोनी ने कहा कि वर्तमान भारतीय टीम बेहद खतरनाक है, लेकिन मैच के दौरान ओस (Dew Factor) सारे समीकरण बदल सकती है।

This slideshow requires JavaScript.

धोनी की टीम इंडिया के लिए सलाह

धोनी ने एक कार्यक्रम में कहा, “एक अच्छी टीम के लिए जो कुछ भी चाहिए, वह सब इस टीम में मौजूद है। खिलाड़ियों के पास अनुभव है, खासकर टी20 फॉर्मेट में। वे दबाव में खेल चुके हैं।” लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सबसे बड़ी चिंता ओस है, जो रात के मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को फायदा दे सकती है।

उन्होंने कहा, “जो बात मुझे परेशान करती है वो ओस है। मुझे ओस से नफरत है। ओस बहुत कुछ बदल देती है। जब मैं खेलता था, तब भी ओस एक ऐसी चीज थी जो मुझे सच में डराती थी। इसके कारण टॉस की अहमियत बढ़ जाती थी और कई फैसले उसी पर निर्भर करने लगते थे।”

धोनी ने याद दिलाया कि 2016 टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया शानदार फॉर्म में थी, लेकिन ओस के कारण सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

रोहित और कोहली के भविष्य पर धोनी की राय

धोनी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की संभावना पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा, “क्यों नहीं। किसी को विश्व कप क्यों नहीं खेलना चाहिए। मेरे लिए उम्र कोई मापदंड नहीं है। प्रदर्शन और फिटनेस ही मायने रखते हैं। अगर खिलाड़ी अच्छा खेलते रहें और प्रदर्शन की इच्छा रखते हैं, तो उन्हें कोई रोक क्यों सकता है।” धोनी हमेशा से दोनों खिलाड़ियों के समर्थन में रहे हैं।

Leave a Reply