
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड अभी विदा होने के आसार नहीं हैं। जाते-जाते सर्दी अपना और तीखा असर दिखा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। 19 और 20 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड के साथ सर्द हवाएं चलेंगी और गलन बढ़ेगी।
प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में सुबह और शाम मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है। दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन रात होते ही ठंड फिर से लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही है। दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ते अंतर से आमजन की परेशानियां बढ़ गई हैं और मौसमी बीमारियों के मामले भी सामने आ रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
लखनऊ में दिन गर्म, रात बेहद सर्द
राजधानी लखनऊ में दिन के समय हल्की गर्माहट और रात में कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। बुधवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही, जब न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री से अधिक का अंतर दर्ज किया गया।
घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विज्ञानियों ने शुक्रवार से लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है। अमौसी स्थित लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आसमान साफ रहने और कोहरे की परत पूरी तरह न जम पाने के कारण दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि सूर्यास्त के बाद उतनी ही तेजी से गिर रहा है। इसी वजह से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मौसम का फसलों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इंसानों के लिए यह स्थिति थोड़ी परेशानी भरी है, खासकर उन लोगों के लिए जो मौसम के प्रति अधिक संवेदनशील हैं।