
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस ने एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला जाली भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल करके ओमान जाने की कोशिश कर रही थी। इमिग्रेशन अधिकारी की शिकायत के आधार पर उसे पकड़ लिया गया और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
कैसे हुआ मामला सामने
सहार थाना के अधिकारियों के अनुसार महिला ने अपना नाम काजल बताया और पासपोर्ट में जन्मस्थान नोहरा, हिमाचल प्रदेश दिखाया। लेकिन अधिकारी को महिला की शक्ल-सूरत नेपाली लग रही थी, जिससे संदेह हुआ। आगे की पूछताछ में महिला ने अपने असली नाम काजल लामा और नेपाल के परसा जिले की रहने वाली होने की बात कबूल की।
फर्जी दस्तावेजों का जाल
महिला ने बताया कि उसके माता-पिता सालों पहले नेपाल से हिमाचल प्रदेश आकर बस गए थे। इसी पृष्ठभूमि का इस्तेमाल करके उसने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य प्रमाणपत्र हासिल किए और शिमला पासपोर्ट कार्यालय से भारतीय पासपोर्ट बनवाया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने महिला के खिलाफ जाली दस्तावेज बनाने, भारतीय पासपोर्ट अधिकारियों को गुमराह करने और अवैध यात्रा का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।