

उज्जैन। उज्जैन की प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी चार्वी मेहता ने गुजरात के वडोदरा में आयोजित इंटरनेशनल क्लासिकल फिडे (FIDE) रेटेड चेस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से उज्जैन शहर में हर्ष का माहौल है।

देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सहभागिता वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लगभग 470 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फिडे के नियमानुसार आयोजित यह प्रतियोगिता स्विस पद्धति से कुल 9 राउंड में संपन्न हुई।
ज्योति फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में चार्वी मेहता ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 5.5 अंक अर्जित किए और महिला वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल कर रजत पदक पर कब्जा जमाया।
चार्वी ने शतरंज की प्रारंभिक शिक्षा राष्ट्रीय खिलाड़ी जयेश खत्री के मार्गदर्शन में प्राप्त की। वर्तमान में वह देश के प्रतिष्ठित शतरंज प्रशिक्षकों से ऑनलाइन माध्यम के जरिए नियमित प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा को और निखार रही हैं।
चार्वी मेहता की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, शतरंज जगत एवं शहरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।


