

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य को उभरती हुई अत्याधुनिक तकनीकों का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में महाराष्ट्र एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग एंड फ्रंटियर टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट (FTI) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्वांटम कंप्यूटिंग और डीप टेक के लिए मजबूत एवं सक्षम इकोसिस्टम विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में भविष्य की तकनीकों के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, उद्योगों, स्टार्टअप्स तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। राज्य में तकनीकी अनुसंधान को गति देने, वैश्विक स्तर की क्षमताओं का विकास करने तथा निवेश आकर्षित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र को फ्रंटियर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर तकनीकी नवाचार और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने क्वांटम कंप्यूटिंग, डीप टेक तथा एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए और राज्य में तकनीकी विकास को नई गति देने पर बल दिया।


