

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग एंड फ्रंटियर टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट (FTI) की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य को उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रणनीतियों पर चर्चा की।

बैठक में क्वांटम कंप्यूटिंग, डीप टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग तथा भविष्य की उभरती तकनीकों के विकास और इनके लिए मजबूत नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है और महाराष्ट्र का लक्ष्य इन अत्याधुनिक तकनीकों में अग्रणी भूमिका निभाना है। इसके लिए अनुसंधान, नवाचार, उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे राज्य निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास का प्रमुख केंद्र बन सके।
बैठक में विशेषज्ञों एवं संबंधित अधिकारियों ने राज्य में फ्रंटियर टेक्नोलॉजी के विकास, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन, अनुसंधान सहयोग तथा वैश्विक स्तर की तकनीकी क्षमताओं के निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को इस दिशा में ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।


