
सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के पहले दिन विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठकें कीं। इन बैठकों में राज्य में निवेश के अवसर, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन से मुलाकात की। बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने टेमासेक को राज्य में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और अन्य संबद्ध क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के स्वास्थ्य क्षेत्र निवेश की जानकारी साझा की गई। इसके अलावा असेंडास (Ascendas) द्वारा लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख किया गया। यह निवेश राज्य की स्वास्थ्य और औद्योगिक अवसंरचना को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी सहमति जताई। यह पहल राज्य में भविष्योन्मुख अवसंरचना निर्माण और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, विकसित एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरते लॉजिस्टिक्स हब के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे रोजगार सृजन और तकनीकी क्षमता का विकास सुनिश्चित किया जा सके। यह दौरा प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि निवेश प्रोत्साहन अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी वर्तमान में यूरोप दौरे पर हैं।
