Friday, May 29

This slideshow requires JavaScript.

ग्रेटर नोएडा के रेस्तरां में सिलिंडर ब्लास्ट, दो कर्मचारी झुलसे

ग्रेटर नोएडा, 21 फरवरी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर-10 में शुक्रवार दोपहर एक रेस्तरां में गैस सिलिंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। कोको काउंटी सोसायटी के पास मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में स्थित नागपाल रेस्तरां में एलपीजी सिलिंडर लीक होने के बाद तेज धमाके के साथ आग लग गई। हादसे में दो कर्मचारी झुलस गए, जबकि भागते समय एक महिला और 17 वर्षीय किशोर घायल हो गए।

This slideshow requires JavaScript.

दोपहर 12:40 बजे हुआ हादसा

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, दोपहर करीब 12:40 बजे फूड प्लाजा में सिलिंडर ब्लास्ट की सूचना मिली। दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गैस सिलिंडर लीक होने से रेगुलेटर में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और रेस्तरां के शीशे टूट गए।

रेस्टोरेंट में मौजूद थे ग्राहक

हादसे के समय रेस्टोरेंट में कई लोग खाना खा रहे थे। आग लगते ही भगदड़ मच गई। इसी दौरान एक महिला और उनका किशोर बेटा गिरकर घायल हो गए। झुलसे दोनों कर्मचारियों समेत सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

फायर सिस्टम से पाया काबू

बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि धमाके के कारण आसपास की दुकानों में भी नुकसान पहुंचा है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि ग्रेनो वेस्ट की कई सोसायटियों के पास बने कमर्शियल मार्केट में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। निवासी अंकिता राजपूत ने बताया कि रेस्तरां और किचन संचालन के बावजूद अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

पुलिस और फायर विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने रेस्तरां संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply