Friday, May 29

This slideshow requires JavaScript.

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा 20वीं मंजिल से कूदकर बीटेक छात्र ने दी जान, नहीं मिला सुसाइड नोट

ग्रेटर नोएडा, 21 फरवरी। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। बागपत निवासी 23 वर्षीय बीटेक छात्र अर्जुन तोमर ने पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी की 20वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

This slideshow requires JavaScript.

अंतिम वर्ष का छात्र था अर्जुन

अर्जुन तोमर मंगलमय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में बीटेक के अंतिम वर्ष का छात्र था। वह पढ़ाई के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले वह अपनी बाइक से सोसाइटी परिसर पहुंचा। बाइक पार्क करने के बाद वह लिफ्ट से 21वीं मंजिल तक गया और फिर सीढ़ियों से 20वीं मंजिल पर आकर छलांग लगा दी।

लिफ्ट में मौजूद लोगों के अनुसार, अर्जुन उस समय चिंतित और तनावग्रस्त नजर आ रहा था।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक की जेब से उसके पिता का मोबाइल नंबर लिखी एक पर्ची मिली, जबकि उसका मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ा गया था।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मृतक के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है कि युवक बिना किसी रोक-टोक के ऊपरी मंजिल तक कैसे पहुंचा।

परिवार में पसरा मातम

अर्जुन के पिता हरेंद्र सिंह सूरजपुर साइट-सी के पास एक केमिकल फैक्ट्री में कार्यरत हैं। परिवार कोतवाली क्षेत्र में रहता है, जबकि गामा सेक्टर में भी उनका एक घर है। अर्जुन का एक छोटा भाई भी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply