Thursday, February 19

दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी, कई उड़ानें प्रभावित

नई दिल्ली/मुंबई: दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण हड़कंप मच गया। एयरलाइंस द्वारा बुकिंग और चेक-इन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले नेविटेयर सिस्टम के सर्वर में समस्या आने से कई यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

This slideshow requires JavaScript.

दिल्ली एयरपोर्ट पर स्थिति

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर सुबह लगभग 6:45 बजे यह तकनीकी खराबी सामने आई। तकनीकी टीम ने लगभग 7:30 बजे इसे ठीक कर लिया। इस दौरान यात्रियों की जानकारी मैन्युअल रूप से अपडेट करनी पड़ी, जिससे लंबी लाइनें लग गईं और कई उड़ानों में देरी हुई।

मुंबई एयरपोर्ट पर भी हुई समस्या

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी नेविटेयर सिस्टम में खराबी के कारण यात्रियों को चेक-इन में देरी और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने इस असुविधा की शिकायत की।

नेविटेयर सिस्टम क्या है?

नेविटेयर सिस्टम एयरलाइन टिकट बुकिंग, चेक-इन और बोर्डिंग के लिए उपयोगी तकनीकी सुविधा प्रदान करता है। अगर इसमें खराबी आती है, तो एयरलाइनें यात्रियों को सेवाएं समय पर देने में असमर्थ हो जाती हैं, जिससे उड़ानों में देरी और भीड़भाड़ बढ़ जाती है।

पिछली बार भी आई थी समस्या

पिछले साल नवंबर में भी कई एयरपोर्ट पर तकनीकी गड़बड़ी के मामले सामने आए थे। दिल्ली के IGIA पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) प्रणाली में खराबी के कारण उड़ानों में बड़ी रुकावट आई थी। इसके बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने स्पष्टीकरण जारी किया था।

Leave a Reply