Monday, May 25

This slideshow requires JavaScript.

सीबीएसई परीक्षा के बीच नोएडा के 12 स्कूलों को बम धमकी, अभिभावक चिंतित, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिससे परीक्षा चल रहे छात्रों और उनके अभिभावकों में चिंता की लहर फैल गई।

This slideshow requires JavaScript.

सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसरों में सघन जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों को मैदान में इकट्ठा किया गया। फिलहाल जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

हॉक्स मेल का मामला सामने आया

पुलिस ने बताया कि यह मामला हॉक्स मेल का है। ईमेल में स्कूलों को धमकी दी गई थी कि उन्हें उड़ाया जाएगा। स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू हुई।

पुलिस और स्कूल प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए सभी छात्रों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया और परिसर की पूरी तलाशी ली।

परीक्षाओं के कारण बढ़ी चिंता

यह मामला तब सामने आया जब स्कूलों में सीबीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में धमकी के चलते छात्र और अभिभावक दोनों ही असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पहले भी पकड़ा जा चुका है धमकी देने वाला गिरोह

नोएडा में पिछले दिनों भी इसी तरह का मामला सामने आया था। तब एसटीएफ ने नेपाली मूल के केदारनाथ, लेखनाथ शर्मा, अमीस जंग कारकी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने 23 जनवरी को अमेरिका से थ्रेट ईमेल भेजे थे।

उस समय मामला सामने आया कि ईमेल का रिकवरी लिंक नोएडा के एक फर्जी कॉल सेंटर से जुड़ा था, जहां ऑनलाइन बेटिंग ऐप के नाम पर भारत, अमेरिका और नेपाल के लोगों से ठगी की जाती थी।

पुलिस ने अपील की

नोएडा पुलिस ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी है और सभी स्कूलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply