
नोएडा। गैंगस्टर रवि काना से जुड़े एक मीडियाकर्मी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने विदेशी नंबरों से कॉल और मैसेज कर एक अन्य पत्रकार को रवि काना के खिलाफ खबरें न चलाने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को मंगलवार रात सेक्टर-93, गेझा से पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में उसके रवि काना और उसके गिरोह के लोगों से संपर्क के संकेत मिले हैं। आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर पूछताछ की जा रही है।
विदेशी नंबरों से मिली जान से मारने की धमकी
पीड़ित पत्रकार ने बताया कि 12 फरवरी को शाम करीब 5 बजे उनके मोबाइल पर यूके (+44) नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को रवि काना का करीबी बताया और कहा कि उसके खिलाफ कोई खबर प्रसारित न की जाए। चेतावनी दी गई कि पांच दिन के भीतर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इसके बाद 15 फरवरी को थाईलैंड (+66) नंबर से दोबारा कॉल और मैसेज आया, जिसमें लिखा था:
“दो दिन और बचे हैं, बच लो।”
इसके बाद पीड़ित ने नोएडा पुलिस के सेक्टर-20 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मोबाइल बरामद, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन आरोपी की कार की सीट के नीचे मिला। शुरुआती जांच में यह पता चला कि इंटरनेट कॉलिंग ऐप के जरिए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किया गया, ताकि असली पहचान छिपाई जा सके।
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने कहा कि आरोपी के मोबाइल, सिम कार्ड और डिजिटल डिवाइस की फोरेंसिक जांच की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का रवि काना से कब से संबंध है और वह किस भूमिका में काम कर रहा था।
वर्चस्व की लड़ाई का एंगल
पुलिस ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पत्रकारों के बीच आपसी वर्चस्व विवाद भी था। सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
कोर्ट आदेश के बावजूद पेश नहीं हुआ रवि काना
वहीं, बिल्डर से रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकी देने के एक अन्य मामले में रवि काना को अग्रिम जमानत मिली हुई है। कोर्ट के आदेश के अनुसार उसे सेक्टर-63 थाने में बयान दर्ज कराना था, लेकिन बुधवार को वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ।
पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
