
जींद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक मानवीय और सरल व्यवहार वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र का है, जहां मुख्यमंत्री एक जनसभा के दौरान विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने भीड़ में खड़े एक युवक की इच्छा को तुरंत पूरा कर लोगों का दिल जीत लिया।
दरअसल, उचाना में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 103 करोड़ 30 लाख 84 हजार रुपये की लागत वाली पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से रवाना होने लगे, तो सुरक्षा के चलते वहां बैरिकेडिंग लगाई गई थी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
भीड़ से आई आवाज- ‘ताऊ, हमें भी बिठा ले हेलिकॉप्टर में’
इसी दौरान भीड़ में से एक युवक ने हरियाणवी अंदाज में आवाज लगाई—
“आ ताऊ सैनी, हमने भी बिठाले जहाज म्ह, बिठावैगा के!”
युवक की यह पुकार मुख्यमंत्री के कानों तक पहुंचते ही उन्होंने तुरंत अपने सुरक्षा कर्मियों को इशारा कर उसे पास बुलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश पर युवक को भीड़ से बाहर निकाला गया और हेलिकॉप्टर की ओर ले जाया गया।
बैरिकेड कूदकर पहुंचा युवक, पुलिस ने रोका
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक जैसे ही आगे बढ़ता है, पुलिसकर्मी उसे रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के कमांडोज के इशारे पर उसे आगे जाने दिया गया। युवक बैरिकेड कूदकर तेजी से मुख्यमंत्री के पास पहुंचता है।
हेलिकॉप्टर में बैठाकर CM ने की बातचीत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवक को हेलिकॉप्टर के अंदर बुलाया और अपने पास वाली सीट पर बैठाया। इसके बाद उन्होंने युवक से उसका नाम और गांव पूछा। करीब पांच मिनट तक मुख्यमंत्री ने उससे बातचीत की और फिर युवक हेलिकॉप्टर से बाहर आया।
युवक ने अपना नाम सोनू बताया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की लोगों ने जमकर सराहना की और इसे जनता के प्रति उनके अपनापन और सरलता का उदाहरण माना जा रहा है।
हरियाणा बीजेपी ने किया वीडियो शेयर
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो हरियाणा बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करते हुए लिखा—
“उचाना में लड़के की पुकार सुनकर सीएम नायब सिंह सैनी जी ने उसे पास बुलाया और हेलीकॉप्टर में बिठाया।”
वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ हो रही है और लोग इसे जनता से जुड़ने वाला कदम बता रहे हैं।
उचाना में कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम केवल दुष्प्रचार करना है और वह केवल झूठे वादे कर जनता को गुमराह करती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक वोटों की राजनीति की, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार उचाना और पूरे हरियाणा के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और जनहित की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
