

इंदौर। निजी क्षेत्र की अग्रणी जनरल इंश्योरेंस कंपनी एचडीएफसी इर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा रबी सीजन 2026 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के क्रियान्वयन हेतु अधिकृत किया गया है। कंपनी अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ, खंडवा (पूर्वी निमाड़) तथा खरगोन जिलों के ऋणी एवं गैर-ऋणी किसानों को योजना का लाभ प्रदान करेगी।

योजना के तहत इन जिलों में अधिसूचित फसलों का बीमा किया जाएगा। किसानों को फसल के अनुसार निर्धारित बीमित राशि पर न्यूनतम प्रीमियम का भुगतान करना होगा। किसानों के खाते से प्रीमियम कटने एवं बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को सूखा, बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात, तूफान, जलभराव, भूस्खलन, कीट एवं रोगों सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली फसल क्षति पर बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
राज्य सरकार अधिसूचित क्षेत्रों में फसल कटाई प्रयोग (Crop Cutting Experiment – CCE) के माध्यम से वास्तविक उत्पादन का आकलन करेगी। यदि निर्धारित सीमा से कम उत्पादन पाया जाता है तो प्रभावित किसानों को योजना के प्रावधानों के अनुसार बीमा दावा (क्लेम) दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत बुआई पूर्व, बुआई, फसल वृद्धि, कटाई तथा कटाई के बाद तक फसल के विभिन्न चरणों में होने वाले जोखिमों को भी बीमा सुरक्षा में शामिल किया गया है।
इन जिलों के किसान उठा सकते हैं लाभ
योजना का लाभ निम्न जिलों के किसान प्राप्त कर सकते हैं—
- अलीराजपुर
- बड़वानी
- बुरहानपुर
- धार
- झाबुआ
- खंडवा (पूर्वी निमाड़)
- खरगोन
किसान अपने जिले के बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा एचडीएफसी इर्गो के अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से योजना में नामांकन करा सकते हैं।
इसके अलावा किसान PMFBY Farmer App के माध्यम से या https://pmfby.gov.in/farmerLogin पर स्वयं पंजीकरण (Self Enrollment) कर भी योजना का लाभ ले सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से पहले अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त हो सके।


