
नई दिल्ली: अपनों को खोने के बाद डेथ क्लेम के लिए कागजी कार्रवाई और भाग-दौड़ से जूझ रहे परिवारों के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने बड़ी राहत दी है। बैंक ने ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके जरिए परिवार के सदस्य या कानूनी वारिस कहीं से भी 15 लाख रुपये तक का क्लेम 15 दिन में निपटारा करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
क्लेम प्रक्रिया अब होगी बेहद आसान
बैंक की ओर से बताया गया कि अब इतने अमाउंट तक के क्लेम के लिए किसी तीसरे व्यक्ति की गारंटी (surety) की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा, बैंक ने यह सुनिश्चित किया है कि क्लेम की फाइल मिलने के 15 दिनों के भीतर उसका निपटारा कर दिया जाएगा। यह कदम आरबीआई के निर्देशों के तहत उठाया गया है, जिसका मकसद क्लेम प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाना है।
डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने का तरीका
दावा करने वाला व्यक्ति पोर्टल digital.iob.bank.in/deathclaimonline पर अपनी जानकारी, मृतक के अकाउंट विवरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकता है। एक बार ‘रेफरेंस नंबर’ मिलने के बाद अपनी अर्जी का स्टेटस भी ऑनलाइन चेक किया जा सकता है।
स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया:
-
पोर्टल digital.iob.bank.in/deathclaimonline पर जाएं।
-
‘न्यू क्लेम’ पर क्लिक करें।
-
क्लेम नॉमिनेशन के साथ है या नहीं, सेलेक्ट करें।
-
मोबाइल नंबर, आधार नंबर और कैप्चा कोड डालें।
-
टर्म्स और कंडीशंस को एक्सेप्ट करें।
इस नए पोर्टल से मृतक के परिवारों को तुरंत राहत और सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं रहेगी।
