
अहमदाबाद। टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में भारतीय टीम ने अपना अंतिम मैच भी जीत लिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर रही और टी20 विश्व कप में 12 मैचों से अजेय बनी।
टीम इंडिया की बल्लेबाजी
तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा आउट हो गए, जो इस विश्व कप में लगातार तीसरी बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 39 रन जोड़े। तिलक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े और 31 रन बनाए।
सुर्यकुमार और शिवम दुबे ने चौथे विकेट के लिए 27 गेंदों में 41 रन की साझेदारी की। सूर्या 28 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन जोड़कर टीम का स्कोर 193 तक पहुंचाया। दुबे ने सिर्फ 25 गेंदों में फिफ्टी ठोक दी, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल थे। पंड्या ने 21 गेंदों पर 30 रन बनाए।
नीदरलैंड की चुनौती
नीदरलैंड ने रन चेज़ में धीमी शुरुआत की और पावरप्ले में केवल 36 रन बनाए। मैक्स ओडॉड (20) का विकेट जल्दी गिरा। वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने विकेट लेकर नीदरलैंड की शुरुआत को रोका। बास डे लीड और कॉलिन एकरमैन ने 26 गेंद पर 49 रनों की साझेदारी की। लेकिन चक्रवर्ती ने लगातार दो विकेट लेकर उनकी बढ़त को रोक दिया।
16वें ओवर में नीदरलैंड का स्कोर 6 विकेट पर 125 रन था। लीडे 33 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स 15 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। नूह क्रोस और जैक लायन कैशेट ने 23 गेंदों में 47 रन जोड़कर विपक्षी गेंदबाजों को चुनौती दी, लेकिन नीदरलैंड को जीत नहीं दिला पाए। चक्रवर्ती ने 3 जबकि शिवम दुबे ने 2 विकेट लिए।
