
कोलंबो। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने नामीबिया के खिलाफ 102 रन की शानदार जीत के बाद अपने स्पिनरों की तारीफ करते हुए कहा कि सुपर आठ चरण में भी उनका प्रदर्शन अहम रहेगा। पाकिस्तान ने भारत से मिली हार के बाद साहिबजादा फरहान के पहले शतक और स्पिनरों के प्रभावशाली प्रदर्शन से नामीबिया को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
सलमान ने कहा, “यह पूरी टीम का शानदार प्रदर्शन है। पावरप्ले और बीच के ओवरों में हमारी बल्लेबाजी अच्छी रही। फरहान लंबे समय से शानदार खेल दिखा रहा है और उसका शतक हमारे लिए महत्वपूर्ण रहा।”
आगा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले सुपर आठ मुकाबले को लेकर भी आत्मविश्वास दिखाया। उन्होंने कहा, “हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। हमारे पास स्पिनर और ऑलराउंडर हैं जो बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। यह मैच अच्छा और रोमांचक होगा।”
सलमान ने स्पिनरों की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “श्रीलंका में अगर आपके पास इतने अच्छे स्पिनर हैं तो तेज गेंदबाजी की चिंता की जरूरत नहीं है।” मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के 16 रन देकर चार विकेट लेने वाले प्रदर्शन के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें मैच में उनका सामना नहीं करना पड़ा।
साहिबजादा फरहान ने इस फॉर्मेट में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक लगाते हुए कहा, “घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत ने मुझे इस सफलता तक पहुँचाया।”
