
इंदौर: एमबीए छात्रा हत्या मामले में आरोपी पीयूष धनोतिया ने पुलिस रिमांड के दौरान अब अजीब और चौंकाने वाला व्यवहार दिखाया है। पुलिस की टीम सीन रिक्रिएशन के लिए आरोपी को घटना स्थल पर ले गई, जहां पत्रकारों ने उससे सवाल किए। इस पर पीयूष ने कहा, “जो हो गया यार, उसे छोड़ो, अब वजह जानकर क्या करोगे। हो गया जो हो गया, छोड़ दो ना।”
वजह बताने से मना
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वजह बताने से इनकार कर दिया। जब उससे पूछा गया कि क्या उसे अपने किए पर पछतावा है, तो उसने हल्की मुस्कान के साथ कहा कि समय आने पर जवाब देगा। सीन रिक्रिएशन के दौरान वह शांत रहा। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में उसका व्यवहार अजीब और अलग था।
सुसाइड की कोशिश का इरादा
जांच में यह भी पता चला कि पीयूष ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान देने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में उसने फैसला बदल लिया। उसने सादे पेपर पर लिखा कि उसने “बहुत बड़ी गलती की है और वह मरना चाहता है।” इसके अलावा, वह बार-बार पीड़िता से मिलने देने की रिक्वेस्ट करता रहा और कहता रहा कि “मैं उससे प्यार करता हूं।”
पुलिस का खुलासा
डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आरोपी जादू-टोना से संबंधित वीडियो देख रहा था और सुसाइड करने के तरीके ढूंढ रहा था। हालांकि, उसने कभी खुद को नुकसान नहीं पहुँचाया। जांच में यह भी सामने आया कि पीयूष को पीड़िता पर शक था कि वह किसी और से बातचीत करती थी।
शव के साथ की गई हैवानियत
13 फरवरी को पीड़िता का शव पीयूष के कमरे में मिला था। जांच में पता चला कि हत्या के बाद उसने शव के पास शराब पी और शव के साथ हैवानियत की। इसके बाद आरोपी ट्रेन से मुंबई भाग गया, जहां से इंदौर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इंदौर लाने के बाद आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जो अब समाप्त हो गया है।
