
श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर खुशियों की खबर आई है। दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने तीन नए शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल आबादी 38 हो गई है, जबकि भारतीय मूल के जीवित शावकों की संख्या 27 हो गई है।
प्रोजेक्ट चीता का शानदार परिणाम
गामिनी को भारत में दक्षिण अफ्रीका की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत लाया गया था। यह प्रोजेक्ट सितंबर 2022 में शुरू हुआ था और इसका उद्देश्य भारत में चीतों की आबादी को पुनः स्थापित करना है। यह 9वां सफल जन्म है, जबकि इसी महीने नामीबिया से लाई गई चीता ‘आशा’ ने भी पांच शावकों को जन्म दिया था।
केंद्रीय और राज्य नेताओं ने जताई खुशी
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर कहा, “कूनो में तीन नए शावकों का स्वागत है। दक्षिण अफ्रीका से चीतों के आगमन के 3 साल पूरे होने के अवसर पर यह कूनो में एक शानदार नया अध्याय है।”
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी ट्वीट किया कि यह वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा, “प्रोजेक्ट चीता के तहत दक्षिण अफ्रीका से आई मादा चीता ‘गामिनी’ के तीन शावकों के जन्म से कूनो राष्ट्रीय उद्यान में उत्सव का माहौल है। भारत में चीतों की कुल संख्या अब 38 हो गई है।”
भारत में चीतों का पुनर्वास
तीनों नए शावकों के जन्म के साथ, भारत में चीतों के संरक्षण और पुनर्वास की दिशा में यह प्रोजेक्ट एक सफल और प्रेरक उदाहरण बन गया है।
