
गाजियाबाद (वैभव मिश्रा) – गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल ने जनसंख्या वृद्धि और सामाजिक संतुलन के उद्देश्य से अनूठा कदम उठाया है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने घोषणा के अनुरूप चौथी संतान के जन्म पर हिंदू दंपति को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
दिल्ली के गगन विहार निवासी मनोज और पुष्पा के घर 6 फरवरी को चौथी बेटी ने जन्म लिया। यह खबर मिलते ही पिंकी चौधरी ने दंपती से मुलाकात की और उन्हें पुरस्कार राशि सौंपी।
पांचवें बच्चे पर मिलेगा 31 हजार रुपये
हिंदू रक्षा दल ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है। यदि कोई हिंदू परिवार पांचवें बच्चे को जन्म देता है, तो संगठन की ओर से उसे 31 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। पिंकी चौधरी का कहना है कि यह कदम हिंदू परिवारों को अपनी जनसंख्या बनाए रखने और सनातन संस्कृति को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
इस पुरस्कार वितरण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जबकि देश में कई संगठन जनसंख्या नियंत्रण के पक्ष में हैं, हिंदू रक्षा दल की यह पहल परिवार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन के रूप में चर्चा का विषय बन गई है।
