Monday, February 16

ग्रेटर नोएडा में महाशिवरात्रि पर कुट्टू का आटा खाने से 40 से ज्यादा लोग बीमार, कई अस्पताल में भर्ती

ग्रेटर नोएडा, 16 फरवरी 2026 – उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर भोजन से एक बार फिर फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज-3 रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटियों में व्रत खोलते समय कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद 40 से अधिक लोग बीमार हो गए।

This slideshow requires JavaScript.

व्रत खोलते ही बिगड़ी तबीयत

इको विलेज-3 के निवासियों के अनुसार, शाम को व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे से बने पकवान खाए गए। कुछ ही देर बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। स्थिति गंभीर होने पर कई लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ मरीजों का इलाज होने के बाद घर भेज दिया गया, जबकि कई अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी 15 लोग प्रभावित

हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी लगभग 15 लोग कुट्टू का आटा खाने के बाद बीमार हुए। सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर सूचना फैलते ही अफरातफरी मच गई और लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे।

मिलावटी या खराब आटे की आशंका

निवासियों ने बताया कि कुछ लोगों ने पास के बाजार से और कुछ ने ऑनलाइन कुट्टू का आटा मंगवाया था। आशंका जताई जा रही है कि आटा खराब या मिलावटी हो सकता है, जिससे यह फूड पॉइजनिंग की घटना हुई।

खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने में विभाग असफल रहा। फिलहाल खाद्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply