
कोलंबो: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान पर भारत की 61 रनों से शानदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर जश्न का माहौल है। इस जश्न को और रोचक बना दिया पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने, जिन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में पाकिस्तान की हार पर मजाकिया तंज किया।
अफगान जलेबी डांस से सोशल मीडिया पर धमाल
मैच खत्म होते ही इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह मशहूर गाने ‘अफगान जलेबी’ पर थिरकते नजर आए। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा,
“पड़ोसियों, संडे कैसा रहा?”
इरफान का यह अंदाज सीधे तौर पर पाकिस्तानी फैंस को मजाकिया तंज था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इससे पहले भी पठान एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी में इसी गाने पर जश्न मनाते रहे हैं, और यह उनका ट्रेडमार्क बन चुका है।
मैदान पर भारत का दबदबा
इरफान के जश्न की असली वजह मैदान पर भारत का दबदबा था। मुश्किल पिच पर ईशान किशन ने महज 40 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को 175 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ 87 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पाकिस्तान के स्पिन अटैक को बेअसर कर दिया।
पाकिस्तान की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए टिक नहीं पाया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी टीम महज 114 रन पर ढेर हो गई।
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर 8-1 का दबदबा
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। भारतीय फैंस इरफान पठान के इस डांस वीडियो को जीत का एन्थम बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर पठान की यह डांस डिप्लोमेसी पाकिस्तान की हार की चुभन को और बढ़ा रही है, जबकि भारतीय समर्थक इसका जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
