
गुवाहाटी/डिब्रूगढ़: विधानसभा चुनावों की दहलीज पर खड़े असम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम दौरा कई बड़े सौगातों के साथ आया। डिब्रूगढ़ में पूर्वोत्तर की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का उद्घाटन किया गया, जहां उन्होंने वायुसेना के विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ भी देखा।
इसके बाद पीएम मोदी गुवाहाटी पहुंचे और IIM गुवाहाटी के उद्घाटन सहित राज्य में कुल 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया। उन्होंने बीजेपी की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि “आज बीजेपी का इतना विकास इसलिए हो रहा है क्योंकि आप लोगों की मेहनत से सरकार बनी है।”
हाईवे पर विमान, नए इतिहास की शुरुआत
पीएम मोदी ने गर्व के साथ बताया कि असम के हाईवे पर विमान उतरने का यह नया अनुभव देश के लिए भी अनूठा है। उन्होंने कहा, “आज मैं असम के हाईवे पर उतरा। रनवे पर नहीं बल्कि हाईवे पर उतरा, तो एक नया इतिहास बन गया। पहले टूटी-फूटी सड़कों के कारण लोग घबराते थे, लेकिन आज वही हाईवे विमान और वाहनों के लिए सक्षम हैं।”
पूर्वोत्तर के लिए बड़ा निवेश, कांग्रेस पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष असम को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में लगभग 50,000 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि कांग्रेस सरकार के समय यह केवल 10,000 करोड़ रुपये हुआ करता था। उन्होंने कहा, “पूर्वोत्तर भारत हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है। जिस नॉर्थ ईस्ट को कांग्रेस ने नजरअंदाज किया, हम उसे सेवा और विकास के मार्ग पर ले जा रहे हैं।”
ब्रह्मपुत्र पर विकास का उदाहरण
प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुत्र नदी पर निर्मित कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया। यह 6-लेन का एक्स्ट्राडोज्ड प्रेस्ट्रेस्ड कंक्रीट (PSC) पुल, पूर्वोत्तर का पहला ऐसा पुल है। हाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच यात्रा अब मात्र 7 मिनट में पूरी हो सकेगी।
इसके अलावा पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट के लिए नेशनल डेटा सेंटर, PM-eBus सेवा के तहत 225 ई-बसें, और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बीजेपी की प्राणवायु बताया और खुद को भी एक कार्यकर्ता कहा।
