Tuesday, May 19

This slideshow requires JavaScript.

पटना में चोरों का तांडव: ज्वेलरी शॉप की दीवार तोड़ उड़ाए लाखों के गहने, CCTV का DVR भी ले गए

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले फिर बुलंद दिखे। रानीतालाब थाना क्षेत्र के पतुत चौक स्थित एक ज्वेलरी शॉप में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने उड़ा लिए। शातिर चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR भी अपने साथ ले जाकर अपनी पहचान छिपा दी।

This slideshow requires JavaScript.

दुकान मालिक रजनीश कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम को उन्होंने रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने दुकान की पिछली दीवार टूटी देखी और तुरंत उन्हें इसकी जानकारी दी। दुकान खोलते ही अंदर का दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया।

चोरों ने दुकान के लॉकर और ताले तोड़ते हुए चांदी के पायल, बिछिया, सिक्के, अंगूठियां, सोने की चेन, झुमके, नोज़ पिन सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। खास बात यह है कि शादी के सीजन को देखते हुए ग्राहकों के ऑर्डर पर भारी मात्रा में गहने तैयार रखे गए थे, जिन्हें चोरों ने हाथ साफ कर लिया।

रानीतालाब थाना प्रभारी बिट्टू कुमार ने बताया, “हमें शनिवार सुबह चोरी की सूचना मिली। हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। FSL टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ साक्ष्य इकट्ठा कर रहे हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”

यह घटना बिहार में पिछले 24 घंटों के भीतर दूसरी बड़ी ज्वेलरी लूट है। इससे पहले शुक्रवार को समस्तीपुर में हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी शॉप से 50 लाख रुपये से अधिक के गहने लूट लिए थे। लगातार होने वाली इन वारदातों के बाद पुलिस ने शहर में गश्त और सुरक्षा कड़ी कर दी है।

Leave a Reply