Tuesday, May 19

This slideshow requires JavaScript.

आगरा मेट्रो निर्माण स्थल पर क्रेन गिरी, शराब की दुकान और मकान क्षतिग्रस्त; लोग बाल-बाल बचे

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा टल गया। प्रतापपुरा क्षेत्र में मेट्रो साइट पर काम कर रही करीब 25 फीट ऊँची क्रेन अचानक असंतुलित होकर गिर गई। क्रेन के गिरने से पास की बीयर शॉप और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

This slideshow requires JavaScript.

मिली जानकारी के अनुसार, क्रेन का पहिया अचानक जमीन में धंस गया, जिससे मशीन असंतुलित हो गई। इसके बाद क्रेन का शाफ्ट गिरकर बीयर शॉप की छत और घर के पीछे के हिस्से पर जा गिरा। घर में सो रहे परिवार के लोग तेज धमाके की आवाज सुनकर जाग गए और बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए इस हादसे के कारण आसपास हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और मेट्रो निर्माण अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के कारण प्रभावित मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। प्रशासन ने बताया कि किसी भी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।

यह हादसा आगरा में मेट्रो निर्माण की सुरक्षा प्रक्रियाओं पर सवाल उठाता है। इससे पहले मुंबई में भी मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान पिलर गिरने से कई लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply