
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव, जो वर्तमान में दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं, के लिए इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों और संस्थानों ने मदद का हाथ बढ़ाया है। अब इसमें लोकप्रिय डिजिटल कंटेंट कंपनी द वायरल फीवर (TVF) का नाम भी जुड़ गया है।
‘पंचायत’, ‘कोटा फैक्ट्री’ और ‘गुल्लक’ जैसी शोज बनाने वाली TVF ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा, “इस मुश्किल घड़ी में हम राजपाल यादव जी के साथ मजबूती से खड़े हैं। हर दौर में आपके काम ने लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई है। हम आपके साथ हैं और आपका पूरा समर्थन करते हैं। हम सच में एक दिन आपके साथ कुछ खास बनाना चाहेंगे, ऐसी सीरीज़ जिसमें दर्शक आपकी जादूगरी को करीब से देख सकें। हमेशा आपके लिए दुआ करते रहेंगे – टीम TVF।”
राजपाल यादव को उनके लोन डिफॉल्ट केस के चलते जेल की सजा सुनाई गई है। 2010 के चेक बाउंस मामले में अदालत के आदेश के बाद उन्हें 2 फरवरी को सरेंडर करना पड़ा। उन पर 9 करोड़ रुपये का कर्ज है, जिसे वह चुका नहीं पाए। इसके बाद कई बॉलीवुड सितारों ने आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाया, जिनमें सलमान खान, अजय देवगन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, सोनू सूद, मीका सिंह, गुरु रंधावा, वरुण धवन और केआरके शामिल हैं।
TVF का कदम खास इसलिए है क्योंकि यह डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम है, जिसने कई युवा कलाकारों को लॉन्च किया है। TVF की अपकमिंग फिल्म ‘Vvan – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं, जिसका निर्देशन दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है।
हालांकि, इस मदद की लिस्ट में अभिनेता अक्षय कुमार का नाम अभी शामिल नहीं है। राजपाल यादव की मुश्किलें जारी हैं, लेकिन इंडस्ट्री के समर्थन से उन्हें राहत मिल रही है। अब यह देखने वाली बात होगी कि TVF और राजपाल यादव मिलकर क्या कुछ नया और खास प्रस्तुत करते हैं।
