
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव पिछले 8 दिनों से दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं। 2010 के एक चेक बाउंस मामले में अदालत के आदेश के बाद उन्हें सरेंडर करना पड़ा था। इस मामले में उन पर 9 करोड़ रुपये का कर्ज है, जिसे वह चुका नहीं पाए।
राजपाल यादव की मुश्किलों के बीच, अभिनेता सोनू सूद ने आर्थिक मदद के लिए अपील की थी। इसके बाद करीब 13 बॉलीवुड हस्तियों ने मदद का हाथ बढ़ाया, लेकिन राजपाल यादव के भाई श्रीपाल यादव ने साफ कहा कि उन्हें अभी तक कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी के लिए मदद करने की खबरें फैला रहे हैं।
श्रीपाल यादव ने ‘दैनिक भास्कर’ को दिए इंटरव्यू में कहा, “अगर किसी ने मदद दी है तो किसे दी और कहां दी? परिवार को कोई सहायता नहीं मिली। हमें सिर्फ सोनू सूद पर भरोसा है और हमें पूरा विश्वास है कि आज उन्हें 1-2 करोड़ रुपये मिल सकते हैं।”
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फिल्म समीक्षक और अभिनेता कमाल राशिद खान (KRK) ने लिखा, “देखते हैं कि सोनू भाई वास्तव में पैसे देते हैं या नहीं।” केआरके ने यह भी कहा कि राजपाल यादव ने कई बॉलीवुड लोगों से लोन लिया, लेकिन उसे वापस नहीं किया। उनके एक दोस्त के अनुसार, राजपाल यादव के पास लगभग 50 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिससे लगता है कि वह खुद लोन चुकाना नहीं चाहते।
राजपाल यादव ने साल 2010 में ‘अता पता लापता’ नामक फिल्म बनाई थी, जिसके लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म के असफल होने के कारण चेक बाउंस हो गए और मामला कोर्ट में पहुंच गया। 2016 में वे जेल गए थे, लेकिन रिहा हो गए। 2 फरवरी को कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें फिर से सरेंडर करना पड़ा और अब 16 फरवरी तक जेल में रहेंगे।
