Thursday, February 12

‘मेरे हाथ में दो कोहनियां हैं!’ पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक का बड़ा खुलासा, एमएस धोनी की फिल्म ने बदली किस्मत

कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ शानदार जीत के साथ पाकिस्तान ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है। लेकिन इस जीत से ज्यादा सुर्खियाँ बटोर रहा है पाकिस्तान का नया मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक, जो अपनी घातक गेंदबाजी और विवादित एक्शन के कारण चर्चा में हैं।

This slideshow requires JavaScript.

उस्मान तारिक का चौंकाने वाला दावा
अमेरिका के खिलाफ तीन अहम विकेट लेने वाले उस्मान तारिक पर एक बार फिर चकिंग के आरोप लगे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तारिक ने कहा, “मेरे हाथ का मुड़ना कोई तकनीकी खामी नहीं बल्कि बायोलॉजिकल समस्या है। मेरे हाथ में दो कोहनियां हैं। यह मेरी प्राकृतिक बनावट है। मैंने इसकी जांच करवाई है और मुझे क्लीन चिट मिल चुकी है। लोग सोचते हैं कि मैं जानबूझकर हाथ मोड़ता हूं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।”

एमएस धोनी की फिल्म ने बदल दी जिंदगी
उस्मान तारिक की क्रिकेट की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। उनके चचेरे भाई हसीब उर रहमान के अनुसार, तारिक ने पहले क्रिकेट छोड़ दिया था। लेकिन भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी पर बनी फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ देखने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। फिल्म में धोनी का वह सीन, जहां वे ट्रेन पकड़कर अपने सपनों की ओर लौटते हैं, तारिक के लिए प्रेरणा बन गया। इसके बाद उन्होंने नौशेरा की अकादमी ज्वाइन की और इफ्तिखार अहमद के नेट बॉलर के रूप में पहचान बनाई।

भारतीय दिग्गजों का समर्थन
उस्मान के रन-अप के दौरान गेंद फेंकने के पहले रुकने के अंदाज पर भारत के पूर्व क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने सवाल उठाए थे। लेकिन भारतीय दिग्गज आर अश्विन ने उसका समर्थन किया। अश्विन ने कहा, “यदि बल्लेबाज बिना बताए स्विच हिट या रिवर्स खेल सकता है, तो गेंदबाज पर पाबंदी क्यों? आईसीसी को पहले वह नियम बदलना चाहिए जिसमें गेंदबाज को हाथ बदलने के लिए अंपायर को सूचित करना पड़ता है।”

शानदार फॉर्म में पाकिस्तान
साहिबजादा फरहान के अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान ने 190 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में उस्मान तारिक की फिरकी ने अमेरिका को 158/8 पर ही रोक दिया। इस मैच में उन्होंने 3 अहम विकेट झटके। इस जीत के साथ पाकिस्तान ग्रुप में नंबर-1 पर पहुंच गया है। लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला महामुकाबला उनके एक्शन और विवाद को फिर से सुर्खियों में ला सकता है।

Leave a Reply