Thursday, February 12

नोएडा: विदेशी क्रूज में नौकरी का झांसा देकर ठगी, फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 1 करोड़ जब्त

नोएडा, 12 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के नोएडा में युवाओं को देश और विदेश के क्रूज शिप पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे करीब 1 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं।

This slideshow requires JavaScript.

साइबर थाना और सेक्टर-126 थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-132 स्थित कॉल सेंटर पर छापा मारा और आरोपियों राहुल, प्रशांत, विशाल और सैफ वारिश (25) को गिरफ्तार किया। नोएडा की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के पीड़ितों ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्हें सीओ हायर मरीन सर्विस नामक कंपनी द्वारा कॉल कर क्रूज शिप में नौकरी दिलाने का दावा किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ितों से ऑनलाइन दस्तावेज मंगवाए, वर्चुअल ट्रेनिंग और इंटरव्यू कराए और फिर फीस के नाम पर मोटी रकम वसूली। एक महीने के भीतर उन्हें फर्जी जॉइनिंग लेटर भेजा गया, जिसमें जॉइनिंग की तारीख नहीं होती थी। जब पीड़ित तारीख पूछते, तो उन्हें जल्द भेजने का आश्वासन दिया जाता और बाद में उनके नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने तीन अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 1 करोड़ रुपये जमा कराए थे। पुलिस ने यह राशि जब्त कर संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करा दिया है। अब पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply