
मुजफ्फरनगर (रामबाबू मित्तल) – उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक नई शादी की खुशियों पर सायास हमला हुआ। बसिकला गांव में दूल्हे अकरम के ससुराल पहुंचते ही लगभग 60 लोगों ने बारात पर लाठियों और डंडों से हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में कई मेहमान घायल हो गए और दूल्हे पक्ष के सामानों की तोड़फोड़ की गई।
पीड़ित दूल्हे अकरम ने आरोप लगाया कि वे कार में बैठे थे, तभी सलमान, एजाज, आशु, शादाब और उनके 50-60 साथी उनके घर आए और अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दूल्हे पक्ष के इरशाद, कैफ और सानू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
अकरम ने बताया कि हमलावरों ने दहेज में मिले गहने और कारों की चोरी व तोड़फोड़ भी की। उनका कहना है कि यह हमला उनके परिवार के राजनीतिक संबंधों के चलते कुछ लोगों की रंजिश का नतीजा था। हमले के दौरान घर पर लगे पार्टी के झंडे भी उखाड़ दिए गए और भविष्य में किसी कार्यक्रम पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
दहशत के चलते दूल्हे पक्ष ने वलीमे का कार्यक्रम रद्द कर दिया। पुलिस ने मामले में 21 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह हिंसक संघर्ष पूरी तरह कैद हो गया है, जिसमें लोग लाठियों और डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
मुजफ्फरनगर जिले में इस घटना ने न केवल शादी के खुशियों के माहौल को तहस-नहस किया बल्कि पूरे गांव में डर और भय का माहौल भी पैदा कर दिया है।
