
गाजियाबाद (देवेश पांडेय) – हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में हत्या समेत 26 संगीन मामलों में वांछित गैंगस्टर सोमबीर उर्फ ‘मोटा’ को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। मंगलवार शाम हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया।
सोमबीर लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गैंग से जुड़ा हुआ है। वह 3 जनवरी 2024 को मुंबई एयरपोर्ट से बैंकॉक फरार हो गया था। इसके बाद 31 मई 2024 को रोहतक पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित किया था।
फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाने का मामला
जांच में पता चला कि सोमबीर ने दिल्ली के लाजपत नगर स्थित एक फ्लैट का फर्जी पता देकर पासपोर्ट बनवाया था। उक्त इमारत के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वहाँ कभी सोमबीर नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहा। इससे पहले मोदीनगर के भोजपुर क्षेत्र में भी फर्जी पते पर 22 पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया था, जिसमें एसओ समेत 11 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
अमेरिका में 17 महीने रहा डिटेंशन में
सूत्रों के अनुसार, सोमबीर स्पेन से एरिजोना बॉर्डर के रास्ते अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहा था, जहाँ उसे पकड़ा गया। इसके बाद वह 17 महीने तक अमेरिका के डिटेंशन सेंटर में रहा। भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों की प्रक्रिया के बाद उसे डिपोर्ट कर भारत लाया गया।
एसटीएफ की कार्रवाई
एसटीएफ के एसपी वसीम अकरम ने बताया कि सोमबीर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस को सौंपा जाएगा।
गैंगस्टर पर दर्ज मामले
सोमबीर पर कुल 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 10 हत्या के हैं। वह 2022 में जमानत पर जेल से बाहर आया था और फिर फरार हो गया। वह कुख्यात गैंगस्टर अनिल छिप्पी का सगा भाई है, जो वर्तमान में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है।
फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तारी
भोजपुर में फर्जी पते पर पासपोर्ट जारी करने के मामले में दिल्ली पासपोर्ट कार्यालय के एक क्लर्क पुष्पेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि पुष्पेंद्र ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अवैध कार्य में शामिल हुआ और इसके लिए विवेक गांधी के संपर्क में आया।
