
नई दिल्ली: दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के एक साल पूरे होने पर राजधानी में महिलाओं के लिए चार बड़ी सौगातों का ऐलान किया गया है। 19 फरवरी को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित बड़े कार्यक्रम में इन योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
1. फ्री सिलेंडर योजना:
हाल ही में कैबिनेट द्वारा मंजूर होली और दिवाली पर मुफ्त सिलिंडर योजना को लागू किया जाएगा। होली से पहले राशन कार्ड धारकों के खाते में एक सिलिंडर का दाम 853 रुपये सीधे भेजा जाएगा। इस योजना से दिल्ली के करीब 17.50 लाख राशन कार्डधारक परिवारों को फायदा मिलेगा। इसके लिए सरकार ने 242 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
2. लखपति बिटिया योजना:
19 फरवरी को लखपति बिटिया योजना का शुभारंभ होगा। इस योजना के तहत महिलाओं को व्यापार शुरू करने के लिए ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से होगी।
3. पिंक स्मार्ट कार्ड योजना:
डीटीसी बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड योजना भी 19 फरवरी से लागू होगी। इस योजना से बार-बार पिंक टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी और कार्डधारक महिलाओं को एक स्थायी पिंक कार्ड मिलेगा। इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है और जो सरकारी नौकरी में नहीं हैं।
4. लाडली योजना:
लाडली योजना के तहत लंबे समय से रुके भुगतान को भी 19 फरवरी को जारी किया जाएगा। इसके लिए करीब 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
यमुना फेरी का ट्रायल:
यमुना नदी में महिलाओं और पर्यटकों के लिए फेरी सेवा को 20 फरवरी से चलाने की तैयारी है। ट्रायल 16 फरवरी से शुरू होगा। अगर ट्रायल सफल रहता है तो 20 फरवरी से सेवा लागू कर दी जाएगी।
