
ढाबे और रेस्टोरेंट की सब्जियों का स्वाद अक्सर घर पर नहीं आता, तो इसका राज है ताजे पिसे मसालों में। यूट्यूबर पारुल ने घर पर बनने वाला ऐसा ही खास सब्जी मसाला साझा किया है, जो किसी भी सब्जी को शाही स्वाद देता है और बाजार के पैकेट बंद मसालों से कहीं ज्यादा ताज़गी और खुशबू देता है।
मसालों का सही अनुपात
एक बेहतरीन मसाला बनाने के लिए मसालों का अनुपात सही होना जरूरी है। पारुल के अनुसार:
-
4 बड़े चम्मच साबुत धनिया
-
2 बड़े चम्मच जीरा
-
1 बड़ा चम्मच सौंफ
-
2 बड़े चम्मच साबुत काली मिर्च
-
1 छोटी चम्मच लौंग
-
2 छोटी चम्मच शाहजीरा
-
आधा छोटी चम्मच मेथी दाना
इन मसालों के साथ पारुल ने खड़े गरम मसालों का भी इस्तेमाल किया, जिसमें 4-5 छोटी इलायची, 2 बड़ी इलायची, 1 चक्रफूल, 1 छोटा टुकड़ा जायफल, 3 दालचीनी की स्टिक, 8 सूखी लाल मिर्च और 4-5 तेज पत्ता शामिल हैं।
भूनने की सही तकनीक
मसालों को धीमी आंच पर डेढ़ से दो मिनट तक भूनें। आंच तेज होने से मसाले जल सकते हैं और उनका प्राकृतिक तेल समाप्त हो सकता है। गैस बंद करने के बाद 5 चम्मच कसूरी मेथी डालें। कड़ाही की बची गर्माहट मेथी को कुरकुरा बनाए रखती है और खुशबू बरकरार रहती है।
सीक्रेट पाउडर और स्टोरिंग
ठंडा होने के बाद मसालों को मिक्सर जार में डालें और इसमें मिलाएँ:
-
आधी छोटी चम्मच हींग
-
हल्दी
-
काला नमक
-
1 चम्मच सादा नमक
-
1 चम्मच आमचूर पाउडर
-
1 चम्मच पुदीना पाउडर
-
1 बड़ा चम्मच कॉर्न फ्लोर (नमी से बचाने और ग्रेवी बाइंडिंग के लिए)
पीसते समय मिक्सी को रुक-रुक कर चलाएँ, ताकि मसालों की खुशबू बनी रहे। तैयार मसाले को एयरटाइट कंटेनर में भरकर महीनों तक ताजा रखा जा सकता है।
इस्तेमाल का सही समय
सब्जी बनाने के दौरान पहले हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर डालकर सब्जी को ढककर पकाएँ। जब सब्जी पूरी तरह पक जाए, तब डेढ़ चम्मच तैयार मसाला डालें और हल्का टॉस करें। ज्यादा पकाने से मसाले की खुशबू कम हो जाएगी। आखिरी में हरा धनिया डालकर गरमा-गरम सर्व करें।
इस खास सब्जी मसाले से आपकी हर साधारण सब्जी में शाही स्वाद और खुशबू आ जाएगी।