Friday, February 6

संभल में GST छापा: 33 करोड़ रुपये की अघोषित जूलरी बरामद, 21 घंटे तक चली रेड

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ज्वेलर के शोरूम और घर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में लगभग 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना, चांदी और हीरे की जूलरी बरामद हुई। मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये कर जुर्माना के रूप में जमा कराया गया।

This slideshow requires JavaScript.

छापेमारी का पूरा घटनाक्रम:
मिली जानकारी के अनुसार, राज्य कर विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ ज्वेलर सोने-चांदी के बढ़ते दाम का फायदा उठाकर बिना वैध कागजात खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसके आधार पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वाणिज्य कर अनुशासन) आर.ए. सेठ के निर्देश पर छानबीन शुरू की गई।

करीब एक महीने की निगरानी के बाद चार फरवरी को मुरादाबाद जोन की दस सदस्यीय टीम ने दोपहर में ज्वेलर के शोरूम और आवास पर एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई लगभग 21 घंटे तक लगातार जारी रही।

बरामदगी का विवरण:

  • शोरूम में स्टॉक रजिस्टर में केवल 439 ग्राम सोने और 120 किलो चांदी दर्ज थी।

  • छापेमारी में 16.638 किलो सोना, 875 किलो चांदी और 34.43 कैरेट हीरा बरामद हुआ।

  • ज्वेलरी के साथ-साथ शोरूम और आवास से व्यापार से जुड़े पर्चे और मोबाइल डेटा भी सीज किए गए।

33 करोड़ रुपये की जूलरी:
बरामद जूलरी का कोई वैध लेखा-जोखा मौजूद नहीं था। मार्केट भाव के अनुसार इसकी कीमत लगभग 33 करोड़ रुपये आंकी गई है। अघोषित जूलरी को सीज कर दिया गया है और इसकी जांच पड़ताल जारी है।

कर विभाग की कार्रवाई से हड़कंप:
इस छापेमारी ने संभल जिले में सर्राफा कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। इस कार्रवाई में उपायुक्त बामदेव त्रिपाठी, उपायुक्त उत्तम तिवारी, सहायक आयुक्त रणंजय यादव, अखिलेश कुमार और पूजा दीक्षित शामिल रहे।

Leave a Reply