
लखनऊ। मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी शिबा राना ने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिबा राना ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना, शारीरिक व मानसिक हिंसा, जान से मारने की कोशिश और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए लखनऊ के सआदतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शिबा राना दो बच्चों की मां हैं। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जाती रही और मांग पूरी न होने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
शादी के बाद से शुरू हुई प्रताड़ना
शिबा राना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब, निवासी सकीरये हाउस, करीमगंज के साथ हुआ था। उन्होंने कहा कि शादी के समय उनके पिता और परिवार ने अपनी क्षमता से बढ़कर दहेज दिया था।
पीड़िता के मुताबिक विवाह में सोने-हीरे के आभूषणों के साथ करीब 10 लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष की ओर से दोबारा दहेज की मांग शुरू हो गई।
20 लाख रुपये और फ्लैट मांगने का आरोप
शिबा राना का आरोप है कि पति और ससुराल वाले उनसे 20 लाख रुपये नकद और एक फ्लैट की मांग करते थे। उन्होंने बताया कि परिवार ने कई बार वैवाहिक जीवन बचाने के लिए समझौते की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना और हिंसा जारी रही।
9 अप्रैल 2025 की घटना से बदली जिंदगी
शिबा राना के अनुसार, 9 अप्रैल 2025 को हुई घटना ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। उस दिन पति ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान जब उनकी बहन आर्शिया राना उर्फ टीना उन्हें देखने ससुराल पहुंची, तो पति और अधिक उग्र हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान पति ने तीन बार तलाक कहकर उन्हें घर से धक्के मारकर निकाल दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने दोनों मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर दिया।
किसी तरह जान बचाकर पहुंचीं मायके
शिबा राना ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मायके पहुंचीं और फिर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उनके साथ मारपीट हुई और जान से मारने की कोशिश भी की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
इस मामले में सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्या ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना के सामने आने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।