Wednesday, February 4

‘गोली का जवाब गोली से ही देगी पुलिस’—सीएम योगी ने निवेशकों को दी सुरक्षा की गारंटी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और निवेशकों की सुरक्षा को लेकर सरकार की नीति स्पष्ट शब्दों में सामने रखी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में आने वाले हर निवेशक को सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड (SSS) की पूरी गारंटी देती है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि यदि अपराधी गोली चलाएगा, तो पुलिस भी गोली से ही जवाब देगी।

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को ‘उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0’ का उद्घाटन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देशभर से आए फार्मा सेक्टर के उद्योगपतियों और विशेषज्ञों को यूपी में निवेश के लिए प्रोत्साहित करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य में उद्योग लगाने वालों को सिंगल विंडो सिस्टम के तहत हर जरूरी अनुमति और सहयोग तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा।

एनकाउंटर नीति पर बोले सीएम

सीएम योगी ने एनकाउंटर पर उठने वाले सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस को हथियार चलाने की ट्रेनिंग इसलिए दी जाती है ताकि अपराधी यदि फायरिंग करे तो पुलिस उसका जवाब देने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह सख्त है और किसी भी कीमत पर अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

‘कानून सबके लिए बराबर’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह माफिया हो, अपराधी हो या ‘अपना आदमी’। उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपहरण, फिरौती, गुंडा टैक्स और माफिया राज का बोलबाला था। व्यापारी, उद्योगपति और आम जनता सिर्फ असुरक्षा के कारण परेशान नहीं थे, बल्कि कई लोग प्रदेश छोड़ने को मजबूर हो गए थे। लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद यह तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।

निवेशकों के लिए यूपी बना भरोसे का केंद्र

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि निवेशकों के लिए भरोसे और सुरक्षा की गारंटी बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि यूपी आज ट्रस्ट, ट्रांसफॉर्मेशन और टाइमली डिलीवरी का रोल मॉडल बनकर उभरा है।

कॉन्क्लेव में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और MSME मंत्री राकेश सचान भी मौजूद रहे।

MSME सेक्टर को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने बताया कि MSME सेक्टर में निवेश करने वाले उद्यमियों को 1000 दिनों तक निरीक्षण से छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल बनने के कारण 2017 से पहले जहां लगभग 14 हजार कारखाने थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 30 हजार से अधिक हो चुकी है।

बुंदेलखंड में बनेगा नोएडा से बड़ा औद्योगिक क्षेत्र

सीएम योगी ने बुंदेलखंड को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि वहां बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) विकसित की जा रही है, जिसका क्षेत्रफल 56 हजार एकड़ होगा। उन्होंने कहा कि दो साल के भीतर इस परियोजना का काम पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने ललितपुर में बन रहे बल्क ड्रग फार्मा पार्क का भी उल्लेख किया और बताया कि इसे हब एंड स्पोक मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा गौतम बुद्ध नगर में मेडिकल डिवाइस पार्क, यूएस एफडीए टेस्टिंग लैब, और वर्ल्ड क्लास लॉजिस्टिक्स हब भी तैयार किए जा रहे हैं। लखनऊ में एक विश्वस्तरीय फार्मा संस्थान भी स्थापित होगा।

‘यह नया भारत है, किसी के आगे नहीं झुकेगा’

मुख्यमंत्री ने अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाने के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो किसी के आगे नहीं झुकता। भारत अपनी नीतियों पर अडिग रहा और इसका परिणाम ‘सत्यमेव जयते’ के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक शक्तियों को भी संवाद और सहयोग के लिए मजबूर कर रहा है।

जेपी नड्डा ने जताई उम्मीद

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा कॉन्क्लेव में वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ललितपुर का बल्क ड्रग फार्मा पार्क, यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बन रहा मेडिकल डिवाइस पार्क और फार्मा नीति के दम पर उत्तर प्रदेश जल्द ही फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनकर उभरेगा।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले—अब अपराधियों में डर

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। पहले टूटी सड़कें, बिजली संकट और कनेक्टिविटी की समस्याएं थीं, लेकिन अब एक्सप्रेसवे का जाल बिछ चुका है और 24 घंटे बिजली उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि आज अपराधी या तो जेल में है या अपनी जगह पहुंच चुका है। सुरक्षित माहौल में उद्योग लगाएंगे तो निश्चित रूप से फायदा होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बनने वाली दवाओं को सरकार प्राथमिकता के आधार पर खरीदेगी। यूपी मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन का बजट 1000 करोड़ रुपये है, जिसमें आगे और वृद्धि की जाएगी।

Leave a Reply