Wednesday, February 4

लखनऊ में 7 मिमी बारिश से बदला मौसम, यूपी में कोहरा और ठंड की वापसी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। जनवरी के आखिरी सप्ताह से अब तक प्रदेश में तीन बार पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल चुका है, जिसके चलते कई जिलों में बारिश हुई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को राजधानी लखनऊ समेत कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं ने एक बार फिर ठंड का अहसास बढ़ा दिया।

This slideshow requires JavaScript.

मंगलवार सुबह प्रदेश में घने कोहरे का असर रहा। जैसे ही कोहरा छंटा, आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया। इसके बाद कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीगना पड़ा। वहीं, करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने ठंड में इजाफा कर दिया।

मौसम विभाग का अनुमान: आज से मौसम रहेगा शुष्क

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र, अमौस के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में 7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद बुधवार से मौसम शुष्क होने की संभावना है। हालांकि सुबह के समय कोहरे का असर बना रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ होने की उम्मीद है।

प्रदेश में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। लखनऊ के अलावा आगरा, बुलंदशहर, कानपुर, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में कोहरे का असर दिखाई दे रहा है।

पछुआ हवाओं से बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार से हवा की दिशा बदलकर पछुआ हो जाएगी। इसके कारण आने वाले तीन दिनों में रात के तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन ठंड बनी रहेगी।

6, 7 और 8 फरवरी को पछुआ हवाएं करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।

अगले सप्ताह फिर सक्रिय हो सकता है पश्चिमी विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 8 फरवरी के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका असर खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है, जहां बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान में गिरावट के संकेत

बारिश के चलते राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री तक रहा। मौसम साफ होने के बाद अधिकतम तापमान के 25 डिग्री के पार जाने की संभावना है, जबकि पछुआ हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

प्रदेश में अगले दो दिनों तक कोहरा और ठंड का असर बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply