Monday, February 2

मुख्यमंत्री धामी बोले: ‘विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की राह दिखाएगा केंद्रीय बजट 2026-27

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे देश और राज्यों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट विकासोन्मुखी और समावेशी होने के साथ-साथ सभी वर्गों के लिए नए अवसर पैदा करने वाला है।

This slideshow requires JavaScript.

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस बजट के लिए बधाई दी और कहा कि इसमें किसान, महिलाएँ, वंचित वर्ग, युवा, छोटे उद्यमी और पिछड़े वर्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बजट का मुख्य उद्देश्य आर्थिक विकास को तेज करना, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और ‘सबका साथ, सबका विकास’ सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जो उत्तराखंड सहित पूरे देश के लिए लाभकारी साबित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।

विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना को भी बजट में शामिल किया गया है। उत्तराखंड के संदर्भ में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर जोर दिया है, जो राज्य के सतत विकास के लिए आवश्यक हैं।

सीएम धामी ने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। इसके अलावा, पर्यावरण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “यह बजट सबका साथ, सबका विकास और आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए पूरी तरह सहयोग करेगी। यह बजट न केवल देश की आर्थिक ताकत बढ़ाएगा, बल्कि पर्वतीय राज्यों को समान रूप से विकास के अवसर प्रदान करेगा।”

Leave a Reply