
हरिद्वार (देवेश पांडेय): उत्तराखंड के हरिद्वार में माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। कड़ाके की ठंड के बावजूद देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।
प्रमुख घाटों पर गूंजा ‘हर-हर गंगे’:
हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट और सुभाष घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे धर्मनगरी का माहौल भक्तिमय बन गया।
पांच राज्यों से आए श्रद्धालु:
माघ पूर्णिमा के अवसर पर हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से आए श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर दीपदान किया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना और दान-पुण्य भी किया।
धार्मिक महत्व:
पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार माघ मास में सभी देवी-देवता पृथ्वी पर आते हैं और हरिद्वार व प्रयागराज जैसे तीर्थों पर स्वयं गंगा स्नान करते हैं। इस दिन किया गया स्नान अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।
पितरों के लिए श्राद्ध और तर्पण:
इस विशेष तिथि पर कई परिवारों ने अपने पितरों के लिए श्राद्ध कर्म और तर्पण भी किया। श्रद्धालुओं का मानना है कि माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान से पाप नष्ट होते हैं, जीवन में सुख-समृद्धि आती है और अंततः मोक्ष की प्राप्ति होती है।
सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम:
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के स्नान और पूजा-अर्चना कर सकें।