
देहरादून (विवेक मिश्रा): उत्तराखंड में आज मौसम की स्थितियों को लेकर प्रदेश आपातकालीन परिचालन केंद्र ने चेतावनी जारी की है। राज्य के पांच जिलों – उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर – में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज शाम 5 बजे तक भारी बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इन जिलों के अधिकारियों को पत्र लिखकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को उत्तराखंड में मौसम सुबह से ही खराब रहा। तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के साथ देहरादून में दिनभर धूप और बारिश की आंख-मिचौली रही। मैदानी इलाकों में हुई हल्की बारिश ने बढ़ते तापमान से कुछ राहत दी, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई। मसूरी में सुबह से घने बादल छाए रहे और दोपहर के बाद बारिश के साथ देर शाम बर्फबारी भी हुई। मसूरी का अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम का पूर्वानुमान:
-
पर्वतीय क्षेत्रों में: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के 2800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। स्थानीय लोगों को सलाह दी गई है कि वे कुछ दिन के लिए निचले स्थान पर सुरक्षित रहें।
-
मैदानी क्षेत्रों में: देहरादून और नैनीताल में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
-
अन्य क्षेत्रों में: प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।