Monday, February 2

‘उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो’, राहुल गांधी ने कहा – बब्बर शेर, दिया फुल सपोर्ट; BJP और संघ पर तगड़ा वार

देहरादून (अभिषेक शुक्ला): कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम की कपड़ों की दुकान को लेकर हुए विवाद में दीपक चंद का खुले तौर पर समर्थन किया है। उन्होंने दीपक को देश का हीरो और ‘नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक’ बताया। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे युवा देश को आगे ले जाते हैं और इन्हें हर प्रकार का समर्थन मिलना चाहिए।

This slideshow requires JavaScript.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं, उस संविधान के लिए जिसे भाजपा और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। यह युवक नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक है और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।”

कांग्रेस नेता ने भाजपा और संघ पर आरोप लगाते हुए कहा कि “संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की भाजपा सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं।”

राहुल गांधी ने आगे कहा, “नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है। हमें और ‘दीपकों’ की ज़रूरत है – जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत, तुम बब्बर शेर हो।”

पूरा मामला: कोटद्वार में पटेल मार्ग स्थित ‘बाबा’ नाम से संचालित कपड़ों की दुकान के नाम को बदलने के लिए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर दबाव बनाया। इसी दौरान जिम संचालक दीपक चंद वहां पहुंचे और कार्यकर्ताओं को हटाया, जिससे वे मजबूर होकर चले गए। दीपक की इस बहादुरी और इंसानियत के कदम की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।

Leave a Reply