
पटना: बिहार विधानसभा का बजट सत्र सोमवार, 2 फरवरी से हंगामेदार अंदाज में शुरू हुआ। सत्र के पहले दिन राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पैर में चोट के बावजूद व्हीलचेयर पर बैठकर सदन की कार्यवाही में शामिल हुए। उनकी इस स्थिति को देखकर सदन में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।
तेजस्वी यादव ने अपनी चोट का जिक्र करते हुए कहा, “पैर के अंगूठे का नाखून निकल गया, ऐसी चीजें कभी-कभी हो जाती हैं।” उनका व्हीलचेयर पर सदन पहुंचना विपक्षी खेमे के लिए मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है। वीडियो में देखा गया कि पुलिसकर्मी और उनके सहयोगी उन्हें व्हीलचेयर के साथ सीढ़ियों से ऊपर तक लेकर जा रहे थे।
राज्यपाल का अभिभाषण और आर्थिक सर्वेक्षण
सत्र की औपचारिक शुरुआत सेंट्रल हॉल में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ हुई। इसके बाद सरकार सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी, जिसमें राज्य की मौजूदा आर्थिक स्थिति और पिछले एक वर्ष में हुए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।
NEET छात्रा मामले पर विपक्ष का प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही NEET छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले को लेकर विपक्षी विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक कमरूल होदा और अन्य नेता हाथों में पोस्टर लेकर न्याय की मांग करते नजर आए। विपक्ष की मांग है कि इस गंभीर विषय को राज्यपाल के अभिभाषण में प्रमुखता से शामिल किया जाए।